
धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती, उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
बलिया। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को एलआईसी रोड स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के निकट शीला पैलेस में धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। पटेल जागरण समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पटेल समाज के साथ ही सर्वसमाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।







कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सतीश चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलिया के प्रोफेसर डॉ. शिव प्रसाद सिंह रहे। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अखंड भारत के निर्माण और देश को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए उनके योगदान को सदैव याद किया जाता रहेगा। कार्यक्रम में संरक्षक प्रो. बनारसी राम पटेल, पूर्व अध्यक्ष कला संकाय सतीश चंद्र कॉलेज, डॉ. बृजेश सिंह, प्रोफेसर मुरली मनोहर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, समिति के अध्यक्ष प्रकाश पटेल, महामंत्री ओम प्रकाश पटेल, उमेश चंद्र पटेल, नन्हकू सचान, धनजी पटेल, आकाश पटेल, प्रदेश सचिव श्रमिक मंच अपना दल, राजकुमार पटेल, रविंद्र पटेल, अपना दल के उपाध्यक्ष, लोरिक सिंह पटेल, पूर्व प्राचार्य सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के विचारों को समाज के बीच प्रसारित करने और उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत बताई।