स्नातक-शिक्षक निर्वाचन: 34 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 23 OCT को करेंगे मतदाता

Spread the love

स्नातक-शिक्षक निर्वाचन: 34 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 23 OCT को करेंगे मतदाता

सदर तहसील से रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां, 54 केंद्रों पर होगा मतदान

बलिया में स्नातक-शिक्षक चुनाव की तैयारी पूरी, 33,770 मतदाता करेंगे मतदान

बलिया। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को तहसील सदर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने निर्वाचन की तैयारियों का जायजा लिया। जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले इस निर्वाचन के लिए कुल 54 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

आंकड़ों के अनुसार, जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 34 बूथ और शिक्षक निर्वाचन के लिए 20 बूथ बनाए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 33,770 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन के 28,859 और शिक्षक निर्वाचन के 4,911 मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में स्नातक निर्वाचन के लिए 24 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन में 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 34 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। प्रशासन की ओर से निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

पोलिंग पार्टियों को निर्धारित बूथों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए रवाना किया गया। निर्वाचन के दौरान मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है, ताकि सभी मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, डीडीओ आनंद प्रकाश, जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *