
बलिया में बिना आवेदन किए ही जारी हो गया एटीएम कार्ड, चार दिन में खाते से निकले 1.53 लाख
पीड़ित ने बेटे पर बैंककर्मियों से मिलीभगत कर पैसा निकालने का लगाया आरोप
बलिया। बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर 14 निवासी विजय पासवान के बैंक खाते से कथित तौर पर एक लाख 53 हजार 608 रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। विजय ने एटीएम कार्ड के लिए कोई आवेदन नहीं किया था। बावजूद कार्ड जारी किए जाने और खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर रकम निकाल लिया गया। पीड़ित ने तहरीर देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।



जानकारी के अनुसार विजय पासवान का बांसडीह स्थित स्टेट बैंक में बचत खाता है। उनका आरोप है कि उन्होंने एटीएम कार्ड के लिए कोई आवेदन नहीं किया था। इसके बावजूद उनके खाते से संबंधित एटीएम कार्ड जारी कर दिया गया। आरोप है कि खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर एटीएम कार्ड जारी कराया गया और इसके बाद महज चार दिनों के अंदर खाते से एक लाख 53 हजार 608 रुपये निकाल लिए गए।




विजय ने अपने पुत्र गुलशन पासवान पर बैंककर्मियों से मिलीभगत कर खाते में अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराने और एटीएम कार्ड जारी कराकर रकम निकालने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, 17 अक्टूबर को वह खाते से रुपये निकालने बैंक पहुंचे तो खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद खाते का विवरण निकलवाने पर कथित निकासी का मामला सामने आया। विजय ने बैंककर्मियों की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए एटीएम कार्ड जारी करने, मोबाइल नंबर बदलने और खाते से हुई निकासी की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने रकम वापस दिलाने के साथ दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। इस बाबत बांसडीह प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है।