बलिया में बाढ़ प्रभावित 2582 किसानों का सर्वे पूरा, 895 को 69.46 लाख का भुगतान

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

बलिया में बाढ़ प्रभावित 2582 किसानों का सर्वे पूरा, 895 को 69.46 लाख का भुगतान

371 किसानों का 3735652 का बिल कोषागार में है प्रेषित

बलिया। जिले की चार तहसीलों में बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का सर्वे पूरा कर लिया गया है। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 2582 किसानों की फसल क्षति का आंकलन किया गया है। इनमें से 895 किसानों को 69 लाख 46 हजार 34 रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 371 किसानों के 37 लाख 35 हजार 652 रुपये के बिल कोषागार को भेजे गए हैं।

सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक बलिया सदर तहसील में सर्वाधिक 1591 किसानों की फसल क्षति दर्ज की गई। इनमें 519 किसानों को भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार बांसडीह में 331 किसानों में 224, बैरिया में 220 किसानों में 106 तथा सिकंदरपुर में 440 किसानों में 46 किसानों को भुगतान किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार चारों तहसीलों में कुल 2582 किसानों की फसल क्षति का सर्वे हुआ है। इसमें 1284 किसानों का डाटा गणना के बाद शामिल किया गया, जबकि प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1266 किसानों का डाटा ई-कुबेर पर बेनिफिट के लिए भेजा गया। इसके बाद 895 किसानों को भुगतान किया गया है।तहसीलवार भुगतान की स्थिति देखें तो बलिया सदर में 67.72 लाख रुपये, बांसडीह में 18.28 लाख रुपये, बैरिया में 18.51 लाख रुपये और सिकंदरपुर में 23 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत/प्रक्रिया में दर्ज है। सर्वे रिपोर्ट में शेष पात्र किसानों को भुगतान की प्रक्रिया आगे प्रचलित है।

आपको बता दे की यह धनराशि कृषि निवेश अनुदान के रूप में किसानों को दी जाती है। इसमें न्यूनतम एक किसान को 2000 से लेकर अधिकतम 34000 रुपए तक कृषि निवेश अनुदान के रूप में भुगतान की जाती है। इस बाबत अपर जिला अधिकारी (वित्त/ राजस्व) अनिल कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित किसानों का सर्वे किया गया है। जिसमें कुल 2582 पात्र पाए गए है। इसमें से करीब 895 किसानों का भुगतान भी कर दिया गया है, शेष 371 किसानों का कृषि निवेश अनुदान कोषागार में प्रेषित कर दिया गया है जो शीघ्र ही भुगतान हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *