
साइबर ठगी के मामले में दो लाख रुपये नकद बरामद, आरोपी गिरफ्तार
बलिया। साइबर ठगी के मामले में थाना साइबर क्राइम बलिया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लाख रुपये नकद बरामद करने के साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पांच अक्टूबर को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 सितंबर से पांच अक्टूबर के बीच उसके बैंक खाते से करीब 2,57,543 रुपये निकाल लिए गए। आरोप है कि मोबाइल की सिम निकालकर उसके नाम से यूपीआई तैयार कर रकम की धोखाधड़ी की गई। शिकायत की जांच के दौरान साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की टीम ने संदिग्ध शत्रुधन यादव पुत्र कृष्ण यादव, निवासी ग्राम बराडीह, थाना भीमपुरा, बलिया के घर पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दो लाख रुपये नकद बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में उपनिरीक्षक मनीष कुमार वरुण, साइबर सेल बलिया की फर्द बरामदगी के आधार पर थाना साइबर क्राइम में धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।