बैरिकेड हटाकर बालू लदा ट्रक ले जाना चालक को पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज

Spread the love

बैरिकेड हटाकर बालू लदा ट्रक ले जाना चालक को पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज
भरौली चौराहे पर पुलिस से अभद्रता का वीडियो वायरल, कार्रवाई में जुटी नरही पुलिस


बलिया। नरही थाना क्षेत्र के भरौली चौराहे पर पुलिस बैरिकेड हटाकर बालू लदे ट्रक को बलिया की ओर ले जाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार यूपी-बिहार सीमा स्थित भरौली में बिहार से आने वाले बालू लदे ट्रकों को बलिया की ओर जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाया है। इसका उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम को नियंत्रित करना है। गुरुवार को एक बालू लदा ट्रक चालक बैरिकेड पार कर आगे जाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बैरिकेड को जबरन हटाने की कोशिश की। वहीं ट्रक चालक ने भी बैरिकेड गिरा दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें ट्रक चालक पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस ने ट्रक को आगे जाने से रोक दिया।


मामले का संज्ञान लेते हुए नरही पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने बताया कि भरौली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रक चालक पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए जबरन ट्रक ले जाने का प्रयास कर रहा है। वीडियो आज का ही बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *