लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

Spread the love

लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

आयुष्मान कार्ड बनाने में लाए तेजी, लक्ष्य के सापेक्ष 100 फीसदी उपलब्धि के निर्देश

जिला अस्पताल से अनावश्यक रेफर पर डीएम सख्त, शिकायत पर होगी कार्रवाई

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में सुधार लाने और सभी पात्र बच्चों एवं लाभार्थियों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग संतोषजनक नहीं है। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का पैसा शत-प्रतिशत भेजने के निर्देश दिए। जिन लाभार्थियों के बैंक खाते उपलब्ध नहीं हैं, उनके खाते खुलवाने के लिए आशा बहुओं की मदद लेने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को योजना का लाभ मिलना चाहिए और भुगतान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल से मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर रेफर नहीं करने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक बेहद जरूरी न हो, मरीज को बाहर रेफर न किया जाए। इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचाने और योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने को कहा। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *