पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने निकाली पेंशन तिरंगा यात्रा

Spread the love

श्रवण कुमार पांडेय

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने निकाली पेंशन तिरंगा यात्रा

पीएम व सीएम को कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा पाती

बलिया। पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, निजीकरण समाप्त करने और टीईटी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग को लेकर शुक्रवार को अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले जिले में ‘पेंशन तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।


जिला संयोजक समीर कुमार पाण्डेय, महामंत्री राकेश कुमार मौर्य एवं जिला कार्यकारिणी के नेतृत्व में यात्रा पीडब्ल्यूडी चौराहा से शुरू होकर टाउन चौराहा, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, महुआ मोड़ और मिड्ढा चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल शिक्षक-कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली और निजीकरण के विरोध में नारे लगाए।


कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद अटेवा पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, निजीकरण पर रोक लगाने तथा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई। अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। मांगों को लेकर संगठन आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखेगा। तिरंगा यात्रा में जिला संरक्षक अभिषेक राय, कोषाध्यक्ष संजय पाण्डेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय राय, उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह व मलय कुमार पांडेय, पंकज सिंह, संगठन मंत्री मलय पाण्डेय व राजीव गुप्ता, मीडिया प्रभारी संजीव कुमार सिंह, जिला मंत्री गणेश सिंह सहित विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *