
बलिया में सड़क हादसों में दो घायल, जिला अस्पताल रेफर
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक अधेड़ समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पहली घटना नगरा मार्ग पर जमुआव चट्टी के समीप की है। जानकारी के अनुसार मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दुबारी निवासी 45 वर्षीय अशफाक अहमद अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान नगरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अशफाक अहमद दूर जा गिरे और उनका सिर फट गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं दूसरी घटना कुशहा भाड़ स्थित शिव मंदिर के समीप शाम के समय हुई। मऊ जिले के मधुबन निवासी 40 वर्षीय पुष्पा देवी बाइक से बेल्थरारोड से अपने घर मधुबन जा रही थीं। इसी दौरान बेल्थरारोड की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।