अंधविश्वास के खिलाफ आरके मिशन स्कूल में वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने लगाए मॉडल व पोस्टर

Spread the love

अंधविश्वास के खिलाफ आरके मिशन स्कूल में वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने लगाए मॉडल व पोस्टर

बलिया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब बलिया द्वारा आरके मिशन स्कूल, सागरपाली में अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि हर्ष श्रीवास्तव (प्रबंधक, आरके मिशन स्कूल) द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना और विज्ञान गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा विज्ञान मॉडल एवं पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्यों ने किया। विजेता बच्चों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।


जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक अतुल कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं एसआरजी एवं विशेषज्ञ आशुतोष सिंह तोमर ने बच्चों के बीच विज्ञान के कई प्रयोग प्रदर्शित कर उनकी व्याख्या की। प्रयागराज से आए विशेषज्ञ प्रमोद मिश्रा ने तथाकथित चमत्कारों का पर्दाफाश करते हुए उनके वैज्ञानिक कारणों को छात्रों, अभिभावकों एवं जनसामान्य के सामने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने चमत्कारों पर आधारित गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान क्लब बलिया के सह-समन्वयक सुधीर कुमार सिंह ने किया। आयोजन में सहायक अध्यापक स्वाति श्रीवास्तव, कंचन मिश्रा, श्वेता वर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *