
बलिया में ट्रैक्टर से गिरा मासूम, दबकर हुई मौत, गांव में पसरा मातम
अपने चाचा संग ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की ओर जा रहा था मासूम, तभी हुआ हादसा
बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव में गुरुवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना घटित हो गई। अपने चाचा के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत जा रहे छह वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर से असंतुलित होकर गिर गया और उसी के नीचे दबने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार बांसडीह कोतवाली के सारंगपुर निवासी विजय यादव का छह वर्षीय पुत्र अंजनी अपने चाचा सुनील यादव के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सारंगपुर पुलिया के पास पहुंचा, चालक ने ट्रैक्टर को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान मासूम अंजनी असंतुलित होकर अचानक नीचे गिर पड़ा। बच्चे को गिरता देख चालक सुनील घबरा गया और ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा।अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया और बच्चा सीमेंटेड सड़क व भारी ट्रैक्टर के बीच दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थी। सूचना मिलते ही घर की महिलाएं और परिजन रोते- बिलखते मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और जांच शुरू कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और परिजनों से बातचीत जारी है।