
गंगा के छाड़न में युवक का उतराया मिला शव
बलिया| खबर यूपी के बलिया से है, जहां बैरिया थाना क्षेत्र के दूबेछपरा के पास रेगुलेटर के दक्षिण दिशा में गंगा के छाड़न में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव उतराया हुआ मिला। मृतक की पहचान रामकुमार यादव 37 वर्ष पुत्र विक्रमा यादव के रूप में की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार उदयीछपरा गांव निवासी रामकुमार यादव बुधवार की शाम करीब छह बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने एनएच-31 के दूबेछपरा के पास रेगुलेटर के दक्षिण दिशा में गंगा के छाड़न में शव को उतराया हुआ देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।