पवन सिंह की गैरहाजिरी पर भड़कीं ज्योति सिंह, बोलीं- बार-बार बुलाने पर भी कोर्ट नहीं आ रहे पवन

Spread the love

पवन सिंह की गैरहाजिरी पर भड़कीं ज्योति सिंह, बोलीं- बार-बार बुलाने पर भी कोर्ट नहीं आ रहे पवन

बलिया। भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता एवं गायक पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा वैवाहिक विवाद एक बार फिर बलिया न्यायालय में चर्चा का विषय बन गया। मामले की सुनवाई के दौरान पवन सिंह के व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होने पर ज्योति सिंह ने नाराजगी जताई। खास बात यह रही कि पिछली सुनवाई में अदालत की ओर से 3,000 रुपये का हर्जाना लगाए जाने और उक्त राशि जमा होने के बावजूद पवन सिंह खुद अदालत नहीं पहुंचे। हालांकि, उनकी ओर से अधिवक्ता न्यायालय में मौजूद रहे और कानूनी पैरवी की।

कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह ने पवन सिंह की लगातार गैरहाजिरी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से वह न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन बार-बार तारीख मिलने के बावजूद पवन सिंह व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इससे उन्हें मानसिक और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्योति सिंह ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि एक बेटी को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है।

ज्योति सिंह के अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार पांडेय ने बताया कि पिछली सुनवाई में अदालत ने पवन सिंह पर 3,000 रुपये का हर्जाना लगाया था। यह राशि उनकी ओर से अधिवक्ता के माध्यम से जमा करा दी गई, लेकिन इसके बाद भी वह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए। अधिवक्ता ने पवन सिंह की सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए भी उनकी गैरहाजिरी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ जान का खतरा बताए जाने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर उन्हें केंद्र सरकार की ओर से वाई-प्लस सुरक्षा मिली हुई है।

वकीलों ने कहा, मौजूदा कार्यवाही में व्यक्तिगत पेशी जरूरी नहीं

दूसरी ओर पवन सिंह के अधिवक्ताओं ने उनकी गैरहाजिरी का बचाव करते हुए कहा कि मौजूदा चरण की न्यायिक कार्यवाही में उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य नहीं है। उनकी ओर से अधिवक्ता अदालत में उपस्थित होकर जिरह की प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। वकीलों के मुताबिक, जब पवन सिंह की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू होगी, तब आवश्यकता के अनुसार उनकी व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने ज्योति सिंह की ओर से प्रभाव और ताकत के इस्तेमाल के लगाए गए आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि अदालत में किसी का प्रभाव नहीं, बल्कि कानून के अनुसार कार्यवाही होती है।

अगली सुनवाई में पूरी हो सकती है जिरह

सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह की जिरह की प्रक्रिया जारी रही। उनके अधिवक्ता के अनुसार, अगली तारीख पर जिरह पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही बढ़ेगी। फिलहाल पवन सिंह की व्यक्तिगत गैरहाजिरी और ज्योति सिंह की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच दोनों पक्ष अपने-अपने कानूनी तर्क अदालत में रख रहे हैं। अब अगली सुनवाई में होने वाली कार्यवाही पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *