बुलेट की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन की खुशियां मातम में बदली

Spread the love

बुलेट की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन की खुशियां मातम में बदली


बलिया। मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद विसर्जन की खुशियां मातम में बदल गईं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल से लेकर घर तक परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।


जानकारी के अनुसार, बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में युवकों ने मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की थी। बुधवार शाम करीब छह बजे युवक भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। जुलूस जब नारायपुर-मैरीटार मार्ग पर मिश्रवलिया मोड़ के पास पहुंचा, उसी दौरान गांव निवासी द्वारिका राजभर (14) पुत्र जनार्दन राजभर अपने डेरे पर भोजन लेकर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।

परिजन और ग्रामीण आनन- फानन में घायल द्वारिका को बांसडीह अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। द्वारिका दो बहनों के बीच अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से मां विमला देवी बदहवास हैं। वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। जिस घर में कुछ देर पहले पूजा और विसर्जन की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *