
दीपों की रोशनी से जगमगा उठा वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम
बलिया। दीपावली के अवसर पर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्टेडियम में परंपरागत दीपोत्सव एवं पूजन समारोह का आयोजन शनिवार की शाम किया गया। जिसको खिलाड़ियों ने एक साथ जलाया। इसके पूर्व मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ाधिकारी जवाहर लाल यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर पूजन समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा स्टेडियम दीपों की रोशनी से जगमगाता नजर आया।



मैदान में खिलाड़ियों की ओर से बनाई गई आकर्षक एवं मनमोहक रंगोली लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। स्टेडियम की भव्य साज-सज्जा और दीपों से सजे परिसर की सुंदरता देखते ही बन रही थी। दीपोत्सव को देखने के लिए नगर के हजारों लोग स्टेडियम पहुंचे। लोगों ने परिवार और परिचितों के साथ दीपों की जगमगाहट के बीच उत्सव का आनंद लिया। इस मौके पर नीरज राय, सच्चिदानंद राय, मो. ग्यासुद्दीन, अजय राज सिंह, मो. इरफान, रोहित भारद्वाज, धर्मेंद्र पांडेय, कविंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।