
ददरी मेले के मीना बाजार में 12 से 14 नवंबर तक होगा भूमि आवंटन
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दुकानदारों को मिलेगी जगह, चार अलग-अलग काउंटरों पर जमा होगा शुल्क


बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 के मीना बाजार में दुकान लगाने की तैयारी कर रहे दुकानदारों के लिए नगर पालिका परिषद ने भूमि आवंटन की तिथियां निर्धारित कर दी हैं। 12 से 14 नवंबर तक नंदीग्राम पशु मेला परिसर में चार अलग-अलग काउंटरों के माध्यम से भूमि आवंटन किया जाएगा। दुकानदारों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर जगह मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता ने बताया कि दुकानदारों की सुविधा के लिए चार अलग-अलग पंक्तियों के अनुसार काउंटर बनाए जाएंगे। निर्धारित काउंटरों पर पूरा शुल्क जमा करने के बाद ही भूमि आवंटित की जाएगी। तय तिथियों के बाद किसी भी दुकानदार को भूमि आवंटन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चारों पंक्तियों के लिए प्रति लट्ठा अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया गया है। दक्षिण से उत्तरमुखी पंक्ति के लिए 14 हजार रुपये, मध्य पंक्ति उत्तरमुखी के लिए 11 हजार रुपये, मध्य पंक्ति दक्षिणमुखी के लिए 12 हजार रुपये तथा उत्तर से दक्षिणमुखी पंक्ति के लिए 14 हजार रुपये शुल्क तय किया गया है।



काउंटरों पर कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी
भूमि आवंटन की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका की ओर से कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दक्षिण से उत्तरमुखी पंक्ति में अभिनव कुमार और शनि कुमार, मध्य पंक्ति उत्तरमुखी में अभिषेक भगत और रितेश भारती, मध्य पंक्ति दक्षिणमुखी में अजय खरवार और भावना पांडेय तथा उत्तर से दक्षिणमुखी पंक्ति में अरुण कुमार पांडेय और गंगेश्वर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।



वहीं, काउंटरों के निरीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कर अधीक्षक सैयद अख्तर मेंहदी आब्दी, राजस्व निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारियों को लगाया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और शुल्क जमा करने की रसीद के किसी भी दुकानदार को भूमि आवंटित नहीं की जाएगी। इसके अलावा आवंटित भूमि को किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित करने की अनुमति भी नहीं होगी।