
जिलाधिकारी की अपील, स्वच्छता और सौहार्द के साथ मनाएं दीपावली
गरीबों की मदद करें, प्रदूषण से बचें और सुरक्षित दीपावली मनाएं: डीएम
दीपोत्सव पर डीएम का संदेश, खुशियां बांटें और बलिया को स्वच्छ बनाएं
घर के साथ शहर को भी रखें साफ, जरूरतमंदों के साथ बांटें त्योहार की खुशियां



बलिया। धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को स्वच्छता, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। इसकी वास्तविक खुशी तभी सार्थक होगी, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और कोई भी व्यक्ति त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।



जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों की मदद करें, ताकि वे भी दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना सकें। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी बढ़ती हैं, जब हम दूसरों के जीवन में भी खुशियां बांटते हैं। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोग अपने घरों की सफाई के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों और सड़कों की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। अक्सर देखने में आता है कि लोग घरों की सफाई करने के बाद कूड़ा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर फेंक देते हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरा बलिया हमारा अपना घर है। ऐसे में जनपद को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों से कम प्रदूषण फैलाने वाले साधनों के साथ दीपावली मनाने की अपील की। साथ ही आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने और बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना के साथ मिल-जुलकर दीपोत्सव मनाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को धनतेरस एवं दीपावली की हार्दिक बधाई देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए।