धनतेरस और दीपावली पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

Spread the love

धनतेरस और दीपावली पर वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

6 से 8 नवंबर तक सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक लागू रूट रहेगा डायवर्जन

बलिया। धनतेरस और दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। पर्व को सकुशल संपन्न कराने और जाम की समस्या से बचने के लिए 6 नवंबर से 8 नवंबर तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इसके साथ ही तीन और चार पहिया वाहनों के लिए भी कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाते हुए डायवर्जन लागू किया गया है।


यातायात व्यवस्था के तहत बैरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को दुबहड़ थाने के पास रोका जाएगा। नरहीं और फेफना जाने वाले वाहन चिरैया मोड़ से सहतवार, बांसडीह, सुखपुरा होते हुए गड़वार के त्रिकालपुर तिराहे से अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं रेवती, सहतवार और बांसडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शंकरपुर तिराहे पर रोका जाएगा। नरहीं, रसड़ा और फेफना जाने वाले वाहन सुखपुरा और गड़वार होते हुए निकलेंगे।
इसी तरह सिकंदरपुर से आने वाले भारी वाहनों को हनुमानगंज चौकी के पास रोका जाएगा। दुबहड़, हल्दी और बैरिया जाने वाले वाहन सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होकर जाएंगे, जबकि नरहीं व फेफना की ओर जाने वाले वाहन सुखपुरा और गड़वार के रास्ते निकलेंगे। रसड़ा व नरहीं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को फेफना तिराहे पर रोका जाएगा। बैरिया जाने वाले वाहन गड़वार, सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होकर जाएंगे। गड़वार की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को अगरसंडा के पास रोककर हल्दी व बैरिया जाने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

तीन और चार पहिया वाहनों पर भी रहेगी रोक

शहर के अंदर भीड़भाड़ वाले इलाकों में तीन और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। धर्मशाला चौराहे पर बैरियर लगाकर कासिम बाजार की तरफ जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा। विशुनीपुर मस्जिद चौराहे से टाउनहाल, ओक्डेनगंज और चौक क्षेत्र की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे स्टेशन के वैशाली तिराहे से चौक क्षेत्र, हनुमानगढ़ी तिराहे से सिनेमा रोड व चौक क्षेत्र तथा उमाशंकर चौराहे और आर्य समाज रोड तिराहे से भी चौक क्षेत्र की तरफ तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।

मालगोदाम से चित्तू पांडेय चौराहे तक वन-वे

यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मालगोदाम तिराहे से आर्य समाज रोड, उमाशंकर चौराहा, ओक्डेनगंज चौराहा और विशुनीपुर मस्जिद चौराहे होते हुए चित्तू पांडेय चौराहे तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।

पांच स्थानों पर होगी वाहनों की पार्किंग

शहर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसमें रामलीला मैदान, रेलवे स्टेशन परिसर, मालगोदाम मैदान, टाउनहाल मैदान और लोहिया मार्केट शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्व के दौरान निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने और त्योहार के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *