बलिया में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार

Spread the love

बलिया में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, पांच गिरफ्तार

लखनेश्वर डीह मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के नाग और छतरी की थी लूट, गाजीपुर के मंदिर से भी चुराया था मुकुट

बलिया। रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वर डीह मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के नाग और छतरी की लूट करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए चांदी के आभूषणों को गलाकर में तैयार किए गए 300 ग्राम चांदी, दो तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किया हैं।

पुलिस के अनुसार छह नवंबर की रात करीब 12:50 बजे रसड़ा पुलिस लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार सवार बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।


घायल बदमाशों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ढाका झिटकही निवासी जिशान आलम (42) और आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द निवासी चंद्रशेखर कुमार (38) के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों सूरज पासवान, चनशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 30 अक्तूबर की रात लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में पुजारी को डराकर-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद मंदिर में लगे चांदी के नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी। इसके अलावा 11 अक्तूबर की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों का मुकुट भी चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के सामान को गलाकर तैयार किए गए करीब 300 ग्राम चांदी बरामद की है। इसके साथ ही दो अवैध तमंचा, चार कारतूस, एक लोहे की रॉड, एक प्लास, एक पेचकस और टेप भी बरामद हुआ है। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा तीन को गिरफ्तार किया गया है। वही कार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रचलित है।

गिरफ्तार आरोपी

जिशान आलम पुत्र जब्बार मियां, निवासी ढाका झिटकही, थाना पचपकड़ी, पूर्वी चंपारण (घायल)।

चंद्रशेखर कुमार पुत्र राजेन्श्वर महतो, निवासी गम्हरिया खुर्द, थाना आदापुर, पूर्वी चंपारण (घायल)।

सूरज पासवान पुत्र वीरेंद्र पासवान, निवासी बेनीपुर, थाना केसरिया, पूर्वी चंपारण।

चनशेखर कुमार पुत्र जगत सिंह, निवासी इनरवा, थाना लखौरा, पूर्वी चंपारण।

बाला लखन्दर कुमार पुत्र रामकिशेर पासवान, निवासी कोदरपट, थाना जितना, पूर्वी चंपारण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *