
17 नवंबर को ददरी मेले का भूमि पूजन, 23-24 नवंबर को होगा कार्तिक पूर्णिमा स्नान
ददरी मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए निर्देश
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर शिवपुर घाट पर रहेगी विशेष व्यवस्था, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
ददरी मेला और स्नान पर्व को लेकर डीएम सख्त, पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक के निर्देश

बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान एवं ऐतिहासिक ददरी मेला की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने मेले और स्नान पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर को ददरी मेला का भूमि पूजन होगा, जबकि 9 नवंबर से 30 नवंबर तक पशु मेला आयोजित किया जाएगा। वहीं, 23 एवं 24 नवंबर को शिवपुर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। ददरी मेला का मीना बाजार 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक लगेगा। उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर महावीर घाट से पीडब्ल्यूडी स्टोर तक पार्किंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी स्टोर से शवदाह गृह तक कच्ची सड़क तथा शवदाह गृह से स्नान घाट तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्नान घाट पर पर्याप्त प्रकाश, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, पर्याप्त संख्या में नाव, विद्युत व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बिहार बॉर्डर पर लगेंगी ददरी मेले की होर्डिंग
जिलाधिकारी ने ददरी मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि बिहार बॉर्डर पर मेले से संबंधित होर्डिंग अनिवार्य रूप से लगाई जाएं। इसके साथ ही शहर में लगी एलईडी स्क्रीन पर भी मेले का प्रचार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके। उन्होंने मेले में प्रकाश, साफ-सफाई और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसानों से संबंधित 89 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ददरी मेला परिसर में चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था करने तथा सुरक्षा के मद्देनजर थाना एवं पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए पहले से स्थान चिह्नित करने को कहा।




राष्ट्रीय स्तर पर होगा मेले का प्रचार-प्रसार
जिलाधिकारी ने चेयरमैन को निर्देशित किया कि ददरी मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को आमंत्रित किया जाए। इसके अलावा पर्यटकों को भी मेले में आमंत्रित करने की व्यवस्था की जाए, जिससे इस ऐतिहासिक मेले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और पूरे मेला परिसर को स्वच्छ रखा जाए। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि ददरी मेला एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ददरी मेले में भारतेंदु मंच पर विभिन्न प्रकार के होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने बताया कि ददरी मेले में तिथिवार संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 27 नवंबर को चेतन प्रतियोगिता, 30 नवंबर को दंगल प्रतियोगिता, 01 दिसंबर से 05 दिसंबर तक खेल प्रतियोगिता, 05 दिसंबर को भक्ति नाइट्स, 08 दिसंबर को म्यूजिक नाइट्स, 11 दिसंबर को भोजपुरी नाइट्स, 13 दिसंबर को संत समागम (दिन में), 15 दिसंबर को बॉलीवुड नाइट्स, 17 दिसंबर को कवि सम्मेलन एवं 19 दिसंबर को कौव्वाली का आयोजन किया गया है। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।