
हत्या के प्रयास का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा और कारतूस बरामद
दुबहड़ पुलिस असलहा बरामदगी के लिए ले जा रही थी आरोपी को, पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

बलिया। हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। घटना सोमवार तड़के दुबहड़ थाना क्षेत्र के धरनीपुर मोड़ के पास की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी असलहा बरामदगी के लिए ले जाए जाने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, दुबहड़ थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित सत्यपाल उर्फ अश्वनी कुमार (26) पुत्र विशाल पासी निवासी ग्राम सिहोरी, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर को दो नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि 28 अक्टूबर को चंदवक गांव के बाहर मुकदमे के वादी को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। इसके बाद अपने साथी सचिन और विवेक उर्फ अशोक के साथ मौके से फरार हो गया था।

पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर असलहे की बरामदगी के लिए जा रही थी। इसी दौरान तड़के करीब 4:55 बजे धरनीपुर मोड़ के पास आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
मौके से पुलिस ने एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।