
*बलिया में ददरी मेले की 20 को होगा ध्वज पूजन*
*पशु मेले के आयोजन की भी जगी उम्मीद, डीएम से मिलेंगे नपा अध्यक्ष*



बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परंपरा के अनुसार दशहरा के अवसर पर 20 अक्टूबर को नंदीग्राम पशु मेला परिसर में ध्वज पूजन एवं स्थापना कार्यक्रम होगा। नगर पालिका परिषद बलिया की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सभासदों के साथ नगर मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी समेत पालिका के अधिकारी- कर्मचारी शामिल होंगे। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार मिठाई लाल ने बताया कि परिषद की ओर से परंपरा के अनुसार ऐतिहासिक ददरी मेले का आयोजन कराया जाएगा। ध्वज पूजन कार्यक्रम मंगलवार को दिन में 11 बजे से होगा। पिछले वर्ष बलिया में लंपी रोग के प्रकोप को देखते हुए पशु मेले का आयोजन नहीं किया गया था। इस बार पशु मेला लगने की संभावना है। पशु मेले के आयोजन को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष जिलाधिकारी से मुलाकात कर चर्चा करेंगे।



कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान से करीब दस दिन पहले ही ददरी मेला मैदान में विभिन्न राज्यों से पशुपालकों और पशु व्यापारियों का पहुंचना शुरू हो जाता है। उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में व्यापारी यहां पहुंचते हैं। मेले में गाय, भैंस, बैल, घोड़े, ऊंट, गधे और बकरियों का कारोबार होता है। हरियाणा की मुर्रा भैंसें तथा पंजाब और राजस्थान के घोड़े मेले में विशेष आकर्षण का केंद्र रहते हैं। शहर के दक्षिणी छोर पर करीब 89 एकड़ यानी लगभग 140 बीघा क्षेत्र में ददरी मेला आयोजित होता है। मेले के लिए हर वर्ष किसानों से भूमि किराए पर ली जाती है। इस बार भी करीब 800 से अधिक किसानों की भूमि अधिग्रहित किए जाने की तैयारी है।