कार्तिक पूर्णिमा स्नान घाट की तैयारियों का सीडीओ ने किया निरीक्षण

Spread the love

कार्तिक पूर्णिमा स्नान घाट की तैयारियों का सीडीओ ने किया निरीक्षण

कैंप लगाकर युद्धस्तर पर कार्य समय से पूर्ण करने का दिया आदेश

बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान चार/पांच की रात होना सुनिश्चित है। जिसकी तैयारी को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने रविवार को अधिकारियों संग स्नान घाट का निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।


सीडीओ ने बैरिकेटिंग का कार्य जो वर्तमान में प्रगति पर है, उसे सोमवार की रात तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आरती मंच के लिए आवश्यक टेंट और अन्य व्यवस्थाओं की सामग्री कल तक स्थल पर पहुँचाकर रात तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिया। वहीं प्रकाश व्यवस्था का कार्य रविवार की रात तक ठेकेदार द्वारा पूरा करने के निर्देश दिया। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को बोरी डालकर सुधार कार्य करने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिया। सीडीओ ने सभी विभागों को कैंप लगाकर युद्धस्तर पर कार्य करने का निर्देश दिया। कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएँ सुचारु एवं सुरक्षित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *