कोतवाली पुलिस ने पकड़ी 419 किलो अवैध पटाखों की खेप, तीन गिरफ्तार

Spread the love

कोतवाली पुलिस ने पकड़ी 419 किलो अवैध पटाखों की खेप, तीन गिरफ्तार

मैजिक वाहन में लादकर दूसरी जगह खपाने की थी तैयारी, आरोपियों के घर से भी मिले पटाखों के पांच कार्टून

बलिया। दीपावली समेत आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कृष्णानगर-बेदुआ मार्ग पर छापेमारी कर मैजिक वाहन में लादे जा रहे करीब 419 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पटाखों की कुल संख्या 19 बंद कार्टून है। मौके से पुलिस ने पटाखों की ढुलाई में इस्तेमाल हो रहे मैजिक वाहन को भी कब्जे में ले लिया। कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णानगर-बेदुआ मार्ग पर अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने वाली गली में एक मैजिक वाहन में भारी मात्रा में अवैध पटाखे लादे जा रहे हैं। सूचना पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर वाहन की घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णानगर निवासी राहुल गुप्ता (26) और राजकुमार (40) तथा देवरिया कला, थाना फेफना निवासी मैजिक चालक ज्वाला साह (25) के रूप में हुई। पुलिस ने मैजिक वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखे 14 बंद कार्टून पटाखे बरामद हुए। इसके बाद आरोपियों के घरों की तलाशी लेने पर पांच और कार्टून मिले। इस तरह कुल 19 कार्टून में करीब 419 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने पटाखों के भंडारण और खरीद-बिक्री के संबंध में जानकारी दी।

राहुल और राजकुमार ने बताया कि उनके पास पटाखे बेचने का लाइसेंस नहीं है। वहीं, मैजिक चालक ने बताया कि उसे पटाखे लादने के लिए बुलाया गया था। पुलिस के अनुसार, पटाखों को चोरी-छिपे लाकर भंडारित किया गया था और उन्हें दूसरी जगह ले जाने की तैयारी थी। इस बाबत क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की निगरानी जारी है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *