
बलिया को स्वच्छ और ग्रीन सिटी बनाने की मुहिम तेज, डीएम ने रैली को दिखाई हरी झंडी
दुकानों के सामने डस्टबिन नहीं मिला तो लगेगा जुर्माना, डीएम ने दी चेतावनी
स्वच्छता को लेकर सख्त हुए डीएम, दुकानदारों को डस्टबिन रखने की अपील

बलिया। शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से सोमवार को स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक चौक पर समाप्त होगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए यह रैली निकाली गई है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी-अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और दुकान से निकलने वाले कूड़े को सड़क पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में ही डालें।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा लक्ष्य पूरे बलिया को स्वच्छ और ग्रीन सिटी बनाना है। इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान के तहत शहर में भ्रमण के दौरान जिन दुकानदारों के पास डस्टबिन नहीं मिलेगा या गंदगी फैलाते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों से आज से ही अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि बलिया को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।