
राजनीति विज्ञान विभाग में फ्रेशर्स पार्टी, बुसरा वारिस बनीं मिस फ्रेशर
मनोज कुमार चौरसिया को मिला मिस्टर फ्रेशर का खिताब
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में एमए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विभागीय शिक्षकों के साथ नवप्रवेशित और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और संवादात्मक कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।



कार्यक्रम के दौरान नवागंतुक विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर की शुभकामनाएं दी गईं। विभाग की शिक्षिकाओं डॉ. रजनी चौबे, डॉ. अनुराधा राय तथा डॉ. छबिलाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भी विभाग और शिक्षकों के प्रति अपने अनुभव व भावनाएं साझा कीं। फ्रेशर्स पार्टी के समापन पर प्रथम सेमेस्टर की छात्रा बुसरा वारिस को मिस फ्रेशर और मनोज कुमार चौरसिया को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी गई।


विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के संयोजन में तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी अर्जुन यादव, अभिषेक कुमार चौबे, विशाल यादव, सतीश कुमार रजक, शुभम सिंह और अभिषेक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।