विधान परिषद चुनाव की तैयारियां तेज, पीठासीन अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

Spread the love

विधान परिषद चुनाव की तैयारियां तेज, पीठासीन अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

शांतिपूर्ण चुनाव के लिए डीएम ने कसी कमर, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

विधान परिषद चुनाव को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

पीठासीन अधिकारी सतर्क रहें, हर गतिविधि पर रखें नजर

बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दो पालियों में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, मतपत्रों के रंग, मतपेटिका की सुरक्षा और निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुपालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए सफेद रंग का, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र निर्धारित है। उन्होंने मतदान अधिकारियों को मतपत्रों के उपयोग, मतपेटिका की प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा- निर्देशों के अनुसार मतदान संपन्न कराने की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान के लिए आने वाले प्रत्येक मतदाता के पहचान पत्र की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। इसके लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस सहित निर्धारित पहचान संबंधी दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करना होगा। मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहें और मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर नियुक्त होने वाले एजेंटों की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतपेटिका की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कोई भी व्यक्ति उसमें पानी, स्याही अथवा अन्य कोई अनधिकृत सामग्री न डाल सके।

जिलाधिकारी ने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी डायरी को सावधानीपूर्वक और पूरी जानकारी के साथ भरें। इसमें मतदान की प्रक्रिया तथा चुनाव संपन्न कराने से संबंधित सभी आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का सही तरीके से संधारण करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल अपर जिलाधिकारी को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी पीठासीन अधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विधान परिषद निर्वाचन को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, डीडीओ आनंद प्रकाश एवं सभी पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *