बलिया में राहगीरों को लूटने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Spread the love

बलिया में राहगीरों को लूटने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

स्वाट-सर्विलांस व भीमपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, रसड़ा से लूटी बाइक और भीमपुरा की लूट के दो पहिए बरामद

बलिया। सुनसान रास्तों पर राहगीरों की रेकी कर मारपीट और धमकी देकर बाइक लूटने वाले गिरोह का स्वाट, सर्विलांस और भीमपुरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से रसड़ा क्षेत्र से लूटी गई बाइक और भीमपुरा में लूटी गई बाइक के दो पहिए रीम बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने लूटी गई बाइक के पार्ट खोलकर बेचने की बात स्वीकार की है।

भीमपुरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया के पास 17 अक्तूबर की रात बाइक सवार पिता-पुत्र को रोककर बदमाशों ने मारपीट की और उनकी बाइक लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।मंगलवार को पुलिस टीम नहर कालोनी बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्वाट प्रभारी अजय साहनी और सर्विलांस प्रभारी विश्वनाथ यादव की टीम भी मौके पर पहुंची। मुखबिर ने सूचना दी कि टिकुलिया में बाइक लूटने वाले बदमाश दो बाइकों से पुराचट्टी की ओर से सिकरिया की तरफ आ रहे हैं।


सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। सामने से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस को देखकर दोनों बाइक सवार पीछे मुड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव निवासी ताड़ीबड़ागांव थाना नगरा, राजेश यादव निवासी कसेसर थाना भीमपुरा, आशीष यादव उर्फ गोलू यादव निवासी शिवपुर मठिया थाना भीमपुरा और प्रिसं यादव निवासी रौकलपुर थाना भीमपुरा के रूप में हुई। बाइक खोलकर खेत में छिपा दिए थे पार्ट तलाशी के दौरान दोनों बाइकों से दो बोरियां मिलीं। इनमें रीम लगे मोटरसाइकिल के दो पहिए बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात टिकुलिया के पास लूटी गई बाइक को पालचंद्रहा गांव के पास खेत में ले जाकर उसके पार्ट अलग कर दिए थे। बैटरी और दोनों हब उनके गाजीपुर निवासी साथी अभिषेक और मंटू लेकर चले गए थे। दोनों पहिए आरोपियों ने निकाल लिए थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि दूसरी बाइक को 13 अक्तूबर को गाजीपुर निवासी अपने साथियों अभिषेक और मंटू की मदद से रसड़ा क्षेत्र से लूटा था। पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट, डिग्गी और लेग गार्ड निकालकर अलग कर दिए गए थे। पुलिस की जांच में यह बाइक रसड़ा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे की निकली।


अकेले राहगीरों को बनाते थे निशाना


पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के थाना क्षेत्रों में घूमकर अकेले राहगीरों की रेकी करते थे। सुनसान स्थान मिलते ही उन्हें रोककर मारपीट और धमकी देकर बाइक लूट लेते थे। बाद में बाइक के पार्ट अलग-अलग कर बेच देते थे। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। पूछताछ में गाजीपुर निवासी अभिषेक और मंटू के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। कार्रवाई से भीमपुरा और रसड़ा थाने में दर्ज बाइक लूट की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *