
श्रवण कुमार पांडेय
दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी को सीडीओ ने जारी किया स्पष्टीकरण नोटिस
सोमवार, मंगलवार और बुधवार को जिला मुख्यालय में उपस्थित रहकर कार्य करने का दिया निर्देश
सुबह व शाम हस्ताक्षर लगाकर कार्यालय छोड़ने का सीडीओ ने दिया आदेश




बलिया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी पास नाथ यादव की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया है। सीडीओ ने अधिकारी पर निर्धारित दिनों में जिला मुख्यालय में उपस्थित न रहने, जनसुनवाई एवं शासकीय कार्यों का समुचित ढंग से संपादन नहीं करने तथा कार्यालय में उपस्थिति का दिन और समय अंकित नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है।



सीडीओ ने 13 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा है कि अधिकारी को पहले भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन अभी तक उसका स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को जनपद बलिया में उपस्थित रहकर जनसुनवाई और शासकीय कार्यों का संपादन करना सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ ने निर्देश दिया है कि उक्त तीनों दिनों में सुबह 10 बजे अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में उपस्थित होकर उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद अपने कार्यालय में बैठकर शासकीय कार्यों का निस्तारण करें। साथ ही शाम को भी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद ही कार्यालय से रवाना हों। सीडीओ ने अधिकारी को पत्र प्राप्ति के तीन दिन के अंदर साक्ष्यों सहित अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजने की चेतावनी दी गई है।